
नर्मदापुरम / जय हो समिति के तत्वावधान में माँ नर्मदा घाट पर निरंतर चल रहे स्वच्छता अभियान का 283वाँ सप्ताह आज श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ संपन्न हुआ।अभियान के अंतर्गत समिति सदस्यों ने विवेकानंद घाट क्षेत्र की साफ-सफाई कर कचरा एकत्रित किया तथा उसे निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने कहा कि माँ नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था और जीवनदायिनी हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जय हो समिति बीते 283 सप्ताहों से निरंतर इस अभियान के माध्यम से जनजागरूकता का कार्य कर रही है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। अभियान के दौरान घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील की गई। जय हो समिति ने नगर के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस स्वच्छता अभियान से जुड़कर माँ नर्मदा की सेवा में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अर्पित मालवीय सहित समिति के सदस्य विशाल बावरिया, पीताम्बर चक्रवर्ती, अजय बावरिया, अनुराग वर्मा, संजु प्रजापति, रमेश उपरारिया, सागर पटेल उपस्थित रहे।

