

नर्मदापुरम / प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 15 जनवरी 2026 को प्रस्तावित नर्मदापुरम जिले के माखननगर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर आज रविवार को नगर परिषद माखन नगर के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह की उपस्थिति में कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक साईं एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित जिला प्रशासन के समस्त संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में मुख्यमंत्री के दोपहर 12 बजे प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफलता पूर्वक आयोजित करने हेतु आवश्यक तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच एवं आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक से पूर्व विधायक विजयपाल सिंह द्वारा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल एवं प्रस्तावित रोड शो मार्ग का निरीक्षण किया गया तथा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने हेतु समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

