

नर्मदापुरम / नगर में पेयजल सप्लाई को लेकर नगरपालिका की टीम अलर्ट है। नगर की समूची पेयजल टंकियों की सफाई कराई जा रही है। इससे पूर्व फिल्टर प्लांट की सफाई कराई गई थी और लीकेज पाइप लाइन बंद की जा रही है। अभी तक नगर की 12 टंकियां साफ की जा चुकी है। जल प्रदाय शाखा प्रभारी उपयंत्री अंबक पाराशर ने बताया कि नगरपालिका द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर समूचे नगर की टंकियों की सफाई अभियान जारी है। आज नपाध्यक्ष और सीएमओ द्वारा वार्ड क्रमांक 23 रामनगर में चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया गया। नपा द्वारा पेयजल टेस्टिंग का कार्य किया जा रहा है। श्री पाराशर ने बताया कि रामनगर टंकी, सरस्वती नगर की टंकी, ट्रेचिंग ग्राउंड की टंकी, ग्वालटोली की 7 नंबर की टंकी, भीलपुरा, चर्च टंकी, हर्णे कालोनी, विश्वकर्मा मंदिर टंकी, अफिसर क्लब की टंकी, फेफरताल टंकी, छोटी पहाड़िया की टंकी, भारत माता पार्क की टंकी की सफाई गई है। साथ ही वाटर टेस्टिंग का कार्य भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सहायक सुनील राठौर, सुपरवाईजर नीतेश व्यास आदि उपस्थित रहे।

