


नर्मदापुरम / ईशान परिसर स्थित द चैम्प्स फन स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। दोनों ही दिनों में विद्यालय परिसर खेल उत्साह, तालियों की गड़गड़ाहट और बच्चों की मुस्कान से गूंजता रहा।
*प्रथम दिन – प्री-प्राइमरी खेल प्रतियोगिता*
कार्यक्रम के प्रथम दिन प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी, स्कूल डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी तथा श्रीमती जुही चटर्जी को नन्हे बच्चों द्वारा एस्कॉर्ट करते हुए मंच तक लाने के साथ हुई। इसके पश्चात बच्चों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। मार्च पास्ट के उपरांत प्राचार्य द्वारा बच्चों को खेलों की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद बच्चों ने मनमोहक पीटी डिमॉन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं —
प्ले ग्रुप : कोन बैलेंसिंग रेस
नर्सरी : डम्बल रेस
एलकेजी : कप एंड स्पून बैलेंसिंग रेस
यूकेजी : हुला हूप रेस
जिसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल एस.पी. सिंह (सीओ, 13वीं एम.पी. बटालियन), टीआई ट्रैफिक नर्मदापुरम श्रीमती सुनीता पटेल, सी.वी. रमन आईटीआई नर्मदापुरम के डायरेक्टर श्री विवेक भदौरिया ने विजेता बच्चों को मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए।
शुक्रवार को द्वितीय दिन प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी एवं डायरेक्टर श्रीमती जुही चटर्जी को एस्कॉर्ट करते हुए मंच तक लाने से हुई। इसके पश्चात मार्च पास्ट एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं जो इस प्रकार रहीं—
कक्षा 1 : बुक बैलेंसिंग गेम
कक्षा 2 : कोन बैलेंसिंग रेस
कक्षा 3 : मैथ सॉल्विंग रेस
कक्षा 4 : सैक रेस
विजेता बच्चों को मुख्य अतिथि और प्रसिद्ध कोच दीपक तिवारी (प्रसिद्ध अधिवक्ता एवं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी) एवं अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी आध्या तिवारी व स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मोना चटर्जी ने पुरस्कार प्रदान किए।
प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया कि सुश्री आध्या तिवारी इसी विद्यालय की पूर्व छात्रा हैं। प्राचार्य ने कहा कि निरंतर परिश्रम, संघर्ष और अनुशासन के बल पर आध्या तिवारी ने आज एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाई है तथा वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश, परिवार, नगर के साथ विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
मुख्य अतिथि दीपक तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि उनकी सुपुत्री सुश्री आध्या तिवारी, जो कि आज एक अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी एवं इंटरनेशनल चैंपियनशिप की मेडलिस्ट हैं, ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा द चैम्प्स फन स्कूल से प्राप्त की है और उसी उम्र से आद्या के खेल की शुरुआत कर दी थी उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में पढ़ाई और संस्कारों के कारण उनकी बेटी के व्यक्तित्व एवं खेल कौशल में सकारात्मक परिवर्तन आया, जिसने उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि जब आध्या तिवारी को मध्य प्रदेश शासन द्वारा खेल जगत का सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘विक्रम अवार्ड’ प्रदान किया गया था मंच में सबसे पंक्ति में ताली बजाने वालों में स्कूल के प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी उपस्थित थे।
इसी क्रम में जब सुश्री आध्या तिवारी ने अपने शब्द साझा किए, तो उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे इतनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से आगे बढ़ें कि जब भी वे भविष्य में इस विद्यालय में आएं, तो उन्हें गर्व हो कि वे भी इसी विद्यालय के विद्यार्थी हैं—जैसे आज उन्हें इस स्कूल की छात्रा होने का सम्मान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलो में आगे बढ़ने हेतु पूरा सहयोग करने का वादा किया।
इस अवसर पर स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मोना चटर्जी ने भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा अपनी पूर्व छात्रा आध्या तिवारी को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई दी।
दोनों दिनों की प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका श्रीमती रीना मालवीय , सुश्री रिचा सोनी एवं श्रीमती स्नेहा राजपूत ने निभाई।
कमेंट्री का दायित्व सुश्री खुशी पटेल, सुश्री स्वाति कहार एवं सुश्री प्रिया निगम ने संभाला।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री खुशी पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विजेता बच्चों के अभिभावकों ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया।
इस अवसर पर अभिभावकों की भी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें उपस्थित माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम प्रभारी के रूप में सुश्री आरती मालवीय, श्रीमती रुचि राजपूत, सुश्री सुहानी सुनानिया एवं गोपाल पटेल एवं समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। सभी के सहयोग से यह दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन बच्चों की मुस्कान, तालियों की गूंज और खेल भावना के साथ हुआ।
कल शनिवार को विद्यालय में फूड फिएस्टा और कल्चरल रैंप वॉक का आयोजन होगा जिसमें भारतीय संस्कृति के विभिन्न रूपों का प्रदर्शन होगा।

