
नर्मदापुरम / इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जहरीला एवं दूषित पानी पीने से अब तक 20 निर्दोष नागरिकों की मौत और 1000 से अधिक लोगों के बीमार होने की भयावह घटना ने भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता और प्रशासनिक विफलता को उजागर कर दिया है। यह केवल हादसा नहीं, बल्कि शासन की आपराधिक लापरवाही का परिणाम है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि “इन मौतों और आम नागरिकों की जान से खुलेआम खिलवाड़ के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दिनांक 11 जनवरी 2026 दिन रविवार को सुबह 11 बजे इंदौर के बड़ा गणपति मंदिर से राजवाडा चौक स्थित मॉ अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थल तक प्रदेश स्तरीय पैदल मार्च का आयोजन किया जा रहा है।” यह प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम है। जिसमें प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता. पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
“इस पैदल मार्च के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगे होंगी-
इंदौर के असफल महापौर को तत्काल पद से हटाया जाए।
जनता के प्रति अमर्यादित भाषा और असंवेदनशील रवैये के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का तत्काल इस्तीफा लिया जाए।
जहरीले पानी से हुई मौतों के लिए सरकार द्वारा घोषित 2 लाख रुपये का अपमानजनक मुआवजा बढ़ाकर प्रति मृतक परिवार को 1 करोड़ रुपये दिया जाए।
पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का आरोप दर्ज करते हुए कठोर कार्रवाई की जाए।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी स्पष्ट करती है कि जब तक पीडित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों को सजा नहीं दी जाएगी, तब तक कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
“यह पैदल मार्च केवल विरोध नहीं, बल्कि जनता के जीवन, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है।”

