नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में गुरुवार को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी मध्य प्रदेश द्वारा प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वच्छ राष्ट्र, स्वच्छ समाज, स्वच्छता- जागरूकता विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की अनेक छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर ‘युवा दिवस’ सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि ये विचार, संकल्प और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। डॉ. जैन ने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।” आज का यह कार्यक्रम उसी संदेश को व्यवहार में उतारने का प्रयास है। स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। स्वच्छ राष्ट्र से ही स्वच्छ समाज और स्वच्छ समाज से सशक्त भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कंचन ठाकुर ने छात्राओं का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि महाविद्यालय में होने वाली समस्त गतिविधियों में छात्राओं को आगे आकर भाग लेना चाहिए जिससे ज्ञान के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता का विकास हो सके। इस प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में डॉ. आर के चौकीकर, प्रेमकांत कटंगकार, डॉ. नारायण उपरेलिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. प्रगति जोशी ने किया। इस अवसर पर श्रीमती प्रीति मालवीय, श्रीमती नीलम चौधरी, कु. ईशा शास्त्री ने विशेष योगदान प्रदान किया। इस प्रतियोगिता में सलोनी सेवरिया प्रथम, प्रज्ञा सकेरिया द्वितीय एवं खुशबू वर्मा तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय की छात्राएं नेहा, शिवानी चौहान, शिवानी गौर, पलक, भावना, दिव्या, रोशनी, श्रद्धा, संजना, अनामिका, तनु, आफरीन ने सहभागिता प्रदान की।

