
नर्मदापुरम / सांसद नारोलिया के पिछले दो वर्षों के निरंतर प्रयासों एवं सतत मांग के फलस्वरूप, मान्नीय प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री के निर्देशानुसार वित्त मंत्रालय द्वारा एसपीएम नर्मदापुरम् में प्रतिवर्ष 6 हजार मैट्रिक टन क्षमता की अत्याधुनिक सिलेंडर मोल्ड वैट मेड वाटरमार्कड बैंक नोट पेपर मेन्युफेक्चरिंग लाईन की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है। ज्ञात हो कि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर नर्मदापुरम् स्थित प्रतिभूमि कागज कारखाना (एसपीएम) में प्रस्तावित नवीन प्लांट पीएम6 की स्थापना हेतु आग्रह पत्र सौंपकर प्लांट की शीघ्र स्थापना की आवश्यकता पर बल देते हुये बताया था कि यह न केवल नर्मदापुरम् क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिये अत्यंत आवश्यक है, बल्कि इससे देश की मुद्रा निर्माण क्षमता भी सृदढ़ होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सांसद द्वारा प्रस्तुत विषय पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा था कि यह मांग काफी पुरानी एवं महत्वपूर्ण है तथा इस पर समग्रता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया था। इस क्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से भी भेंट कर नर्मदापुरम् की पहचान के रूप में स्थापित एसपीएम में नई पेपर मशीन की स्थापना कराए जाने का आग्रह किया था। सांसद ने वित्त मंत्री को अवगत कराया था कि इस परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, बल्कि देश की आर्थिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने से एसपीएम कर्मचारी संघ एवं एसपीएम कर्मचारियों के परिवारों में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। कर्मचारियों ने इसे नर्मदापुरम् एवं संस्थान के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति हेतु देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नर्मदापुरम् के औद्योगिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

