
सिवनी मालवा / शहर की कई कॉलोनियों में वर्षों से जमा गंदे और जहरीले पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस नेता एवं पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपा गया। दीपक दीक्षित ने बताया कि शहीद पटेल कॉलोनी (वार्ड 9), दुर्गा कॉलोनी (वार्ड 3), शिक्षक कॉलोनी, द्वारका धाम कॉलोनी, साईं कैंपस (वार्ड 8) सहित कई इलाकों में बरसों से नालियों के अभाव में लैट्रिन-बाथरूम का गंदा और बदबूदार पानी भरा हुआ है। यह पानी आसपास के घरों की बोरिंग में मिल रहा है, जिससे पीने का पानी दूषित हो गया है। कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के वार्ड में दुर्गा कॉलोनी में खाली प्लाटो पर गंदा पानी भरा हुआ है। उन्होंने आगे बताते हुए कहा की आज सुबह वार्ड नंबर 04 में नगर पालिका पाईप लाईन से गंदा ओर बदबूदार पानी आ रहा है। जल्द ही सिवनी मालवा की व्यवस्थाओं को नहीं सुधारा गया तो कही ऐसा न हो इंदौर में दूषित गंदे पानी के कारण जो हालात बने, वही स्थिति सिवनी मालवा में भी बन सकती है। दीपक दीक्षित ने यह भी बताया कि सिवनी मालवा शहर के कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर नर्मदा जल में बदबू आने की पोस्ट डाली जा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। इससे साफ है कि जल स्रोतों पर गंदगी का असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां गंदा पानी जमा है, वहां जहरीले जीव-जंतु पनप रहे हैं। छोटे छोटे बच्चे इन्हीं जगहों पर खेलते हैं, जिससे गंभीर बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। कई कॉलोनी वासी अपने ही घरों की बोरिंग का पानी पीने से डरने लगे हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जिन कॉलोनियों में गंदा और बदबूदार पानी वर्षों से भरा है, वहां नगर पालिका द्वारा जल्द से जल्द नाली निर्माण और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए। वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद प्रतिनिधि अयूब अली ने भी मांग की है कि पुरानी लीकेज पाइप लाइन को बंद किया जाए और जल्द से जल्द नई नर्मदा पाईप लाईन लगाई जाए । अंत में कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और गंदे पानी से कोई दुर्घटना या बीमारी फैली, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। शासन को अवगत कराने के बाद व्यवस्थाओं में सुधार और नाली निर्माण कार्य नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। ज्ञापन देने वालों में शहरवासी पार्षद प्रतिनिधि अयूब अली, गीता बाई, शकुन बाई, गंगा बाई, कृपा बाई, शांति बाई, अमरा राठौर, सागर पाल, शहजाद लोवंशी, रामदास लोवंशी, राकेश लोवंशी, दीपक लोवंशी, विक्रम लोवंशी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष स्वदेश शर्मा सहित शहर के कई नागरिक ओर महिलाएं उपस्थित रहीं।

