


सिवनी मालवा / दूषित पानी पीने से इंदौर में 16 लोगों की मौत के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बघवाड़ा में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रेमशंकर वर्मा के निवास पर घंटा बजाकर विरोध दर्ज कराने की योजना बनाई थी। प्रदर्शन के तहत गांधी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और वाहनों से विधायक निवास की ओर रवाना हुए। पुलिस को इसकी पूर्व सूचना मिलते ही ग्राम बघवाड़ा से पहले धरमकुंडी ओवरब्रिज पर रोक की व्यवस्था की गई। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्ग बदलकर ग्राम जीज लवाड़ा होते हुए बघवाड़ा पहुंचने का प्रयास किया। जैसे ही कार्यकर्ता विधायक निवास से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को वाहनों में बैठाकर सिवनी मालवा थाना ले जाकर हिरासत में लिया। हालांकि, कुछ कार्यकर्ता विधायक निवास से कुछ दूरी पर खड़े होकर घंटी बजाते रहे और भाजपा सरकार तथा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय पटेल, दीपक दीक्षित ने कहा कि इंदौर की घटना अत्यंत दुखद है। स्वदेश शर्मा नगर अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा एक पत्रकार को दिए गए बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में लोग दवा और पानी दोनों से मरने को मजबूर हैं। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय पटेल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैरिसन स्वामी,आकाश दार, गोपालकृष्ण शर्मा, पार्षद दीपक दीक्षित, विकास पाठक सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

