
नर्मदापुरम / शासकीय गृह विज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नर्मदापुरम की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोदग्राम डोंगरवाड़ा में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 5 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन, नर्मदा आश्रम के संरक्षक बाबा प्रसाद दास, ग्राम डोंगरवाड़ा के सरपंच माखन कीर, सचिव पूरनलाल बनिया, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. संगीता अहिरवार, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. घनश्याम डहरिया, डॉ. नारायण, समाजसेवी जय नारायण मीना, राम मोहन मीना, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा चचाने एवं कुमारी पूजा गोस्वामी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया एवं उसके पश्चात शिविर नायक दुर्गा सूर्यवंशी एवं सहनायक सलोनी चौरे द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया एवं महाविद्यालय से डॉ. घनश्याम डहरिया एवं डॉ. रफीक अली द्वारा अतिथियों का सॉल श्रीफल से स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया तथा शिविर के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ प्रदान की गईं एवं उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को व्यवहारिक रूप से समाज से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि शिविर के दौरान सोख्ता गड्ढा निर्माण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण तथा जैविक कचरे से खाद निर्माण जैसी गतिविधियाँ ग्राम को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सहायक होंगी। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से आह्वान किया कि वे इन कार्यों को केवल शिविर तक सीमित न रखते हुए अपने घर व समाज में भी अपनाएँ, ताकि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश जन-जन तक पहुँच सके और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनका व्यक्तित्व विकसित हो। कार्यक्रम अधिकारी कुमारी पूजा गोस्वामी द्वारा शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना “शून्य से शिखर तक” स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व निर्माण एवं समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ग्राम डोंगरवाड़ा में पिछले चार वर्षों से लगातार NSS विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, उन्होंने बताया कि ‘रेवा शक्ति’ विशेष शिविर के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण जागरूकता हेतु प्लास्टिक ब्रिक्स निर्माण सोकता गद्दा एवं शीट वॉल, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति जागरूकता, डिजिटल साक्षरता, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं नेतृत्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। आश्रम के संरक्षक बाबा प्रसाद दास द्वारा स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा से संबंधित सार गर्वित उद्बोधन देकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन सत्र में स्वयंसेविकाओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य “मैं नहीं, आप” को आत्मसात करते हुए ग्राम विकास में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में लक्ष्य गीत एवं अंत में राष्ट्रगान किया गया। उद्घाटन सत्र में मंच संचालन पूर्व शिविर नायक प्रेरणापाल एवं अतिथियों का आभार शिविर नायक दुर्गा सूर्यवंशी द्वारा किया गया । ग्राम से पद्मलाल शर्मा, प्राथमिक शाला से शीला मालवीय, अनीता सरौता, जय नारायण मीना, राम मोहन मीना उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र के साथ ही सात दिवसीय विशेष शिविर की गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

