




नर्मदापुरम / सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने आज विकासखंड माखननगर अंतर्गत ग्राम सिरवाड़ में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों की उपस्थिति में कुल कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ एवं लोकार्पण संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक शाला स्कूल भवन निर्माण (लागत ₹51.00 लाख), सामुदायिक मंगल भवन निर्माण (लागत ₹19.00 लाख), मुख्य मार्ग से शांतिधाम की ओर सीसी रोड निर्माण (लागत ₹2.38 लाख) का भूमिपूजन किया गया। इसके अतिरिक्त विधायक निधि से खेड़ापति मंदिर के पास अतिरिक्त कक्ष निर्माण (लागत ₹5.86 लाख), मेन रोड से घासीराम के घर तक सीसी रोड निर्माण (लागत ₹2.26 लाख), शक्तिमाता मंदिर के पास सार्वजनिक चबूतरे पर छत निर्माण (लागत ₹2.00 लाख), ग्राम सिरवाड़ में स्ट्रीट लाइट निर्माण कार्य (लागत ₹3.00 लाख एवं ₹6.00 लाख) का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक विजयपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इन विकास कार्यों से ग्राम सिरवाड़ के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा गांव के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है और निरंतर ग्रामीण अंचलों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विधायक श्री सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, संबल योजना, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजना, किसान कल्याण योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र एवं पट्टे भी वितरित किए गए। इस अवसर राज्यसभा सांसद श्रीमति माया नारोलिया, पूर्व विधायक श्रीमति सविता दीवान शर्मा, भाजपा महामंत्री कुंवर सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, संजय अग्रवाल, सरपंच संघ अध्यक्ष कृष्ण कुमार झा, सरपंच श्रीमति आरती भगवानदास यादव सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, अधिक संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

