

सिवनी मालवा / श्री राम नाम प्रचार समिति के तत्वावधान में 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक आयोजित श्री राम कथा का विराम हुआ। इस पावन अवसर पर श्री श्री 1008 रामदेव दास जी महाराज के मुखारविंद से कथा श्रवण कर श्रोतागण भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान रिटायर्ड इंजीनियर रघुनंदन रघुवंशी ने 21 रामचरित मानस भेंट कर धर्मप्रेम का परिचय दिया। समिति सदस्य ब्रज लोवंशी ने बताया कि सिवनी मालवा क्षेत्र में श्री राम कथा आयोजन की परंपरा की शुरुआत स्वर्गीय श्री बलराम पटेल द्वारा की गई थी। वर्षों बाद जब यह आयोजन बंद होने की कगार पर था, तब उनके पौत्र अजय पटेल ने उनके सदमार्ग पर चलते हुए 25,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर कथा परंपरा को पुनर्जीवित किया और भविष्य में भी तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करने की बात कही। अजय पटेल एवं दीपक दीक्षित ने महाराज जी और राम नाम प्रचार समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति से आने वाली पीढ़ियों को जोड़ने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और निरंतर होते रहना चाहिए। समिति सदस्यों ब्रज लोवंशी व विष्णु लोवंशी ने बताया कि दीपक दीक्षित हर वर्ष पूरे तन मन धन से सहयोग प्रदान करते हैं और हमें किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल समस्या का निराकरण करते हैं। समिति द्वारा अजय पटेल और दीपक दीक्षित का पुष्पमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन में व्यास कॉलोनी वासियों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धा से सहभागिता निभाई। समिति के सदस्य इरपाचे बाबू, विष्णु मालवीय, रामकृष्णा लोवंशी, राम अवतार फूफा, राठौर सहित सभी सहयोगियों के समर्पण से श्री राम कथा का आयोजन सफल और स्मरणीय रहा।

